मानदंडों पर आधारित हो भारत-अमेरिकी परमाणु समझौता : कोहेन
वाशिंगटन, 14 जून (आईएएनएस)। दक्षिण एशियाई मामलों के विशेषज्ञ स्टीफन कोहेन ने कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच परमाणु समझौता किसी खास देश को ध्यान में रखकर नहीं बल्कि कुछ मानदंडों पर आधारित हों और यही मानदंड समान रूप से पाकिस्तान के साथ भी लागू किया जाना चाहिए।
अमेरिकी संसद में होमलैंड सुरक्षा उपसमिति के समक्ष शुक्रवार को दिए एक बयान में कोहेन ने कहा कि अमेरिका को पाकिस्तान के साथ भी परमाणु समझौता करना चाहिए। उनका मानना है कि ऐसा करने से इस्लामाबाद परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र होने के नाते अपने दायित्वों के प्रति ज्यादा गंभीर बनेगा।
कोहेन ने कहा, "मानदंडों पर आधारित सौदे की पेशकश पाकिस्तान और इजरायल जैसे देशों के साथ भी की जाना चाहिए जिन्होंने परमाणु अप्रसार संधि पर तो हस्ताक्षर नहीं किए हैं, लेकिन जिनके पास परमाणु हथियार हैं।"
कोहेन ने ध्यान दिलाया कि चीन पहले से पाकिस्तान को विभिन्न परमाणु कार्यक्रमों में मदद करता रहा है लेकिन इसे वैध नहीं ठहराया जा सकता।
उल्लेखनीय है कि जुलाई 2005 में अमेरिका ने भारत के साथ परमाणु समझौता करने के अपने इरादे की घोषणा की थी। उस वक्त पाकिस्तान ने वाशिंगटन से कहा था कि इस तरह के महत्वपूर्ण समझौते को केवल भारत तक ही सीमित नहीं रखा जाना चाहिए बल्कि इसके दायरे में पाकिस्तान को भी शामिल किया जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications