पुलिस को बसपा विधायक आनंदसेन की तलाश, आनंदसेन अदालत की शरण में
लखनऊ, 14 जून (आईएएनएस)। बसपा विधायक और पूर्व मंत्री आनंदसेन की तलाश में पुलिस लखनऊ और फैजाबाद में उनके सांसद पिता के आवास सहित अन्य स्थानों पर छापे डाल रही है। जबकि आनंद सेन ने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए उच्च न्यायालय की शरण ली है।
लखनऊ जोन के पुलिस महानिरीक्षक अरविन्द कुमार जैन ने बताया कि आनंद सेन को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापे डाल रही है लेकिन अभी सफलता नहीं मिली है। चर्चित शशि प्रकरण में हाल ही में आए नए मोड़ के बाद पुलिस का शिकंजा आनंदसेन के इर्द-गिर्द कसने लगा है।
उल्लेखनीय है कि विधि की छात्रा शशि की आनंदसेन से गहरी अतरंगता थी लेकिन वह गत अक्टूबर में लापता हो गई थी और बाद में उसकी हत्या कर दिए जाने की बात सामने आई। इस मामले में नाम उछलने के बाद तत्कालीन मंत्री आनंद सेन से मुख्यमंत्री मायावती ने तत्काल इस्तीफा ले लिया था।
इस मामले में आनंद सेन का ड्राइवर विजयसेन गिरफ्तार किया गया था और हाल ही में आनंद सेन की महिला मित्र सीमा आजाद की गिरफ्तारी और उसके बयानों के बाद इस बात की पुष्टि हुई कि शशि की हत्या में आनंदसेन की संलिप्तता है। इसके बाद पुलिस ने कल फैजाबाद में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी से आनंद सेन की गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया।
पुलिस की टीमों ने फैजाबाद में बसपा विधायक के पैतृक गांव भिटारी के अलावा लखनऊ में गोमतीनगर, इंदिरानगर, डालीबाग और डायमण्ड डेरी में छापे डाले है। डालीबाग में उनके पिता सांसद मित्रसेन यादव के आवास से पुलिस ने एक नौकर और ड्राइवर को हिरासत में लिया है। गोमती नगर स्थित आवास पर पुलिस ने आनंदसेन की पत्नी से भी पूछताछ की है।
इस बीच आनंद सेन ने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने कि लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खण्डपीठ के समक्ष याचिका दायर की है जिस पर 24 जून को सुनवाई होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications