बसपा विधायक सेन की तलाशी में जुटी पुलिस
लखनऊ, 14 जून (आईएएनएस)। बसपा विधायक और पूर्व मंत्री आनंद सेन की तलाश में पुलिस लखनऊ और फैजाबाद में उनके सांसद पिता के आवास सहित अन्य स्थानों पर छापे डाल रही है। उधर, आनंद सेन ने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए उच्च न्यायालय की शरण ली है।
लखनऊ जोन के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार जैन ने बताया कि आनंद सेन को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापे डाल रही है लेकिन अभी सफलता नहीं मिली है। फैजाबाद के चर्चित शशि प्रकरण में हाल ही में आए नए मोड़ के बाद पुलिस का शिकंजा आनंद सेन के इर्द-गिर्द कसने लगा था।
बतातें चलें कि फैजाबाद में विधि की छात्रा शशि की आनंदसेन से गहरी अतरंगता थी लेकिन वह गत अक्टूबर में लापता हो गयी थी और बाद में उसकी हत्या कर दिए जाने की बात सामने आयी। इस मामले में नाम उछलने के बाद तत्कालीन मंत्री आनंद सेन से मुख्यमंत्री मायावती ने तत्काल इस्तीफा ले लिया था।
इस मामले में आनंद सेन का ड्राइवर विजय सेन गिरफ्तार किया गया था और हाल ही में आनंद सेन की महिला मित्र सीमा आजाद की गिरफ्तारी और उनके बयानों के बाद इसकी पुष्टि हुई कि शशि की हत्या में आनंद सेन की संलिप्तता थी और इसके बाद पुलिस ने कल फैजाबाद में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी से आनंद सेन की गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया।
पुलिस की टीमों ने फैजाबाद में बसपा विधायक के पैतृक गांव भिटारी के आलावा लखनऊ में गोमतीनगर, इंदिरानगर, डालीबाग और डायमंड डेरी में छापे डाले। डालीबाग में उनके पिता सांसद मित्रसेन यादव के आवास से पुलिस ने एक नौकर और ड्राइवर को हिरासत में लिया। गोमती नगर आवास पर पुलिस ने आनंदसेन की पत्नी से भी पूछताछ की।
इस बीच आनंद सेन ने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने कि लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ के समक्ष याचिका दायर की है जिस पर 24 जून को सुनवाई होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications