जापान में भूकंप के तगड़े झटके, 3 मरे, 80 घायल (लीड-2)
टोक्यो, 14 जून (आईएएनएस)। जापान के पूर्वोत्तर इलाकों में शनिवार तड़के आए भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है जबकि 80 से अधिक घायल हुए हैं। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7 मापी गई है।
भूकंप का केंद्र इवाते प्रांत था। इवाते और फुकूशिमा प्रांतों में तीन लोगों की मौत हुई है। मियागी प्रांत के कोमा शहर में एक होटल के ढहने से कम से कम सात लोगों के दबने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
सहायता कर्मी भूकंप प्रभावित इलाकों में राहत कार्य में जुट गए हैं। प्रांरभिक रिपोर्टों के अनुसार इवाते प्रांत में कम से कम 83 लोग घायल हुए हैं। भूकंप प्रभावित इलाकों में विद्युत आपूर्ति भी बाधित हुई है।
जापानी टेलीविजन 'एनएचके' के अनुसार इवाते प्रांत में एक घर के ढहने से चार बच्चे घायल हो गए। टेलीविजन रिपोर्ट के अनुसार भूकंप के समय एक बस में सवार कम से कम 20 यात्री घायल हो गए, जिसमें चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मियागी प्रांत में लगभग 10 घायलों को अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। भूकंप का केंद्र इवाते प्रांत था। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सुरक्षा के मद्देनजर भूकंप प्रभावित प्रांतों से गुजरने वाली एक्सप्रेस रेलवे सेवा को रोक दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*