लिम्का बुक में याददाश्त रखने का राष्ट्रीय रिकॉर्ड शिक्षिका जॉली के नाम
नागपुर, 14 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में एक पूर्व शिक्षिका जॉली डिंटिस ने याद रखने का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने दो घंटे, 10 मिनट और 36 सेकेंड में 407 नामों को क्रमबद्ध और उल्टा-सीधा तरीके से याद किया।
लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के नए संस्करण में डिंटिस का नाम राष्ट्रीय रिकॉर्ड के तहत दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि गत साल के जुलाई में डिंटिस ने यह रिकॉर्ड सर्वेक्षकों और दर्शकों के एक पैनल के सामने कायम किया था।
लिम्का बुक में दर्ज किए गए नामों की घोषणा शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में की गई। जॉली डिंटिस के पति डिंटिस थॉमस ने संवाददाताओं से कहा कि उसकी पत्नी युवा छात्रों और पेशेवरों को याददाश्त बढ़ाने की तकनीक का प्रशिक्षण देगी।
जॉली ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उन्होंने याददाश्त बढ़ाने के लिए दिल्ली में बिश्वरूप रायचौधरी से प्रशिक्षण लिया था।
लिम्का बुक में दर्ज पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड जौनपुर के पवन कुमार श्रीवास्तव के नाम पर था जो उन्होंने पांच जून, 2007 को बनाया था। श्रीवास्तव ने 400 नामों को सिलसिलेवार बताया था। इसके पहले हैदराबाद के तेजा गाजुला ने 333 नामों को याद रख राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications