पाक में बर्खास्त जजों की बहाली संभव

ज्ञात हो कि बर्खास्त जजों की बहाली की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में वकील इस्लामाबाद की ओर मार्च कर रहे हैं। वकीलों के इस मार्च के मद्देनजर राजधानी के राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि शुक्रवार को सभी बर्खास्त जज बहाल कर दिए जाएंगे।
इस संबंध में पूछे जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पीपीपी नेता फरजाना रजा ने कहा, "मार्च पर निकले वकील पिकनिक मनाने के लिए इस्लामाबाद आ रहे हैं। वे लंच करेंगे और वापस लौट जाएंगे।" जजों की बहाली का सुनिश्चित दिन बताने से उन्होंने इंकार कर दिया।
संभावना है कि बर्खास्त जज बहाली के बाद मौजूदा जजों के साथ मिलकर काम करें। जजों की बहाली का मार्ग प्रशस्त करते हुए सरकार ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय के जजों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव किया था। वित्त मंत्री नावेद कमर ने संसद में अपने बजट भाषण के दौरान बुधवार को उच्चतम न्यायालय के जजों की संख्या बढ़ाकर 16 से 29 करने का प्रस्ताव किया था।
इस बीच पीपीपी के एक सांसद ने नाम न छापने की शर्त पर बुधवार को बताया था कि अब जजों की बहाली भी हो जाएगी और मौजूदा जज भी अपना काम काज जारी रखेंगे। उल्लेखनीय है कि बर्खास्त पूर्व प्रधान न्यायाधीश इफ्तिखार चौधरी समेत उच्चतम न्यायालय के बर्खास्त जजों की संख्या 13 है, जबकि मौजूदा समय में 16 जज काम कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications