सिलीगुड़ी में स्थिति अब भी तनावपूर्ण

पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था) राज कनौजिया ने आईएएनएस को बताया, "अर्धसैनिक बल की तीन कंपनियां सिलीगुड़ी पहुंच गई हैं और इन्हें जल्द ही क्षेत्र में तैनात किया जाएगा।"
कनौजिया ने कहा कि क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा गुरुवार रात के बाद किसी प्रकार की अप्रिय घटना का समाचार प्राप्त नहीं हुआ है। सिलीगुड़ी शहर में चार से अधिक व्यक्तियों के एक साथ जमा होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
गौरतलब है कि दो विरोधी गुटों के बीच गुरुवार को हुए संघर्ष में बम फेंके गए थे और पुलिस वाहनों में आग लगा दी गई थी। इन घटनाओं में नौ पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
दार्जिलिंग जिले के प्रधाननगर पुलिस स्टेशन इलाके में स्थित भक्तिनगर और सिलीगुड़ी में धारा 144 लागू कर दी गई है। सिलीगुड़ी के हिंसाग्रस्त इलाकों में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के जवान गश्त लगा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications