मप्र में जेल में कैदी को जबरन कांच खिलाया
भोपाल, 13 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले की जतारा उप जेल में मुर्गा न पकाने पर कुछ कैदियों ने खाना बनाने वाले एक अन्य कैदी को प्रताड़ित करते हुए उसे कांच खाने के लिए मजबूर किया।
पीड़ित कैदी का टीकमगढ़ के जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। हालांकि, जेल प्रशासन जेल में मुर्गा पकाने और कांच खिलाने की घटना को नकार रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कैदी राज बहादुर सिंह पर जतारा उप जेल की रसोई संचालन की जिम्मेदारी थी। राज बहादुर का आरोप है कि नौ जून को तीन अन्य कैदियों दामोदर सेन, नीरज खरे और कल्लू नापित ने उसे मुर्गा पकाने के लिए कहा। इसकी शिकायत राज बहादुर ने जेलर से की।
राज बहादुर ने बताया मुर्गा नहीं पकाने के कारण दस जून को तीनों कैदियों ने मिलकर उसकी पिटाई की तथा जबरन कांच खाने के लिए मजबूर किया। इस घटना के बाद घायल राज बहादुर को पहले जतारा के स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया फिर वहां से टीकमगढ़ के जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया।
उधर जेलर नवीन नेमा ने आईएएनएस को बताया, "राज बहादुर लॉक ऑप में था और उसने खुद कांच खाया है।" जेल के भीतर मुर्गा पकाने की बात को उन्होंने नकार दिया, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले दिनों एक कैदी के मुलाकाती ने पका हुआ मुर्गा जरूर लाकर दिया था, जिसपर एक सुरक्षाकर्मी को नोटिस भी जारी किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications