ग्वांतानामो पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बुश असहमत
रोम, 13 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रपति जार्ज बुश ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा ग्वांतानामो बे में रखे गए विदेशी कैदियों को अमेरिकी अदालतों का दरवाजा खटखटाने की अनुमति दिए जाने के फैसले की आलोचना की है।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि ग्वांतानामो बे में बंदी बनाए गए लोग अब अमेरिकी अदालतों में चुनौती दे सकते हैं। इटली के प्रधानमंत्री सिलवियो बेर्लुस्कोनी के साथ रोम में एक संवाददाता सम्मेलन में बुश ने कहा, "हम इस फैसले से सहमत नहीं है, लेकिन इस आदेश का पालन किया जाएगा।"
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को चार के मुकाबले पांच मतों से यह फैसला सुनाया था। उल्लेखनीय है कि ग्वांतानामो बे क्यूबा में है और यहां अमेरिका का नौसेनिक अड्डा भी है। इस जेल में संदिग्ध आंतकवादी रखे जाते हैं।
बुश ने कहा, "इस फैसले पर अदालत पूरी तरह विभाजित थी। मैं फैसले से असहमत लोगों के साथ हूं। असहमति दर्ज करने वाले लोग देश की सुरक्षा के प्रति गंभीर हैं।"
उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश का अध्ययन किया जाएगा। गौरतलब है कि ग्वांतानामो बे में लगभग 270 बंदी हैं। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इनमें से 13 के खिलाफ बुश प्रशासन द्वारा नियुक्त सैन्य आयोग सुनवाई कर रहा है ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications