मध्यप्रदेश में पिता ने दर्ज कराई बेटे की झूठी हत्या की रिपोर्ट
इंदौर, 13 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के अशोक नगर जिले में एक पिता ने विरोधी को फंसाने के लिए अपने बेटे दयाराम की हत्या की झूठी रिपोर्ट थाने में दर्ज करा दी। यह राज तब खुला जब कथित आरोपी के मित्र ने दयाराम को विजय नगर, इन्दौर की पुलिस के सामने पेश कर दिया।
बताया जाता है कि अशोक नगर के दयाराम और नत्थाराम अहिरवार के परिवार के बीच चुनाव को लेकर अरसे से अनबन थी। इसी के चलते लगभग तीन माह पहले दयाराम के पिता ने उसकी (दयाराम) हत्या की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई।
इस रिपोर्ट में कहा गया था कि नत्थाराम अहिरवार उसके भाई माखनलाल, सुरेन्द्र और विजयानन्द ने मिलकर दयाराम की हत्या कर लाश को कहीं फेक दिया है।
दयाराम के पिता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर अशोक नगर में चारों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया था। इस पूरे प्रकरण में अशोक नगर पुलिस कथित आरोपियों से कई चरण में पूछताछ कर चुकी है। इस बीच में गुरुवार को कथित आरोपियों का मित्र अनिल कुमार दयाराम को लेकर इन्दौर के विजय नगर थाने पहुंच गया।
पुलिस चौकी के प्रभारी एन. एस़ भदौरिया ने बताया कि जब उन्होंने इस मामले में अशोक नगर पुलिस से संपर्क किया, तो पता चला कि दयाराम की हत्या की रिपोर्ट वहां दर्ज है। अब अशोक नगर का पुलिस दल दयाराम को लेने के लिए इन्दौर आने वाला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications