आरुषि हत्याकांड : कृष्णा गिरफ्तार, शनिवार को होगी पेशी

नई दिल्ली/गाजियाबाद, 13 जून: बहुचर्चित आरुषि-हेमराज दोहरे हत्याकांड मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आज कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया। कृष्णा आरुषि के पिता व इस हत्याकांड के आरोपी डॉ. राजेश तलवार का कम्पाउंडर है।

राजेश की गिरफ्तारी सीबीआई द्वारा नई दिल्ली और बंगलौर में कई वैज्ञानिक परीक्षणों के बाद हुई है। कृष्णा को शनिवार को गाजियाबाद की विशेष सीबीआई की अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई के संयुक्त निदेशक (विशेष अपराध) अरुण कुमार ने दिल्ली में संवाददताओं को संबोधित करते हुए कहा, "वैज्ञानिक सुबूतों के आधार पर हमने कृष्णा को गिरफ्तार किया है।"

उन्होंने कहा, "हमने बंगलौर में कृष्णा की पोलीग्राफ और नारको परीक्षण करवाया। बंगलौर रवाना होने से पहले सोमवार को कृष्णा का दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में मनोवैज्ञानिक परीक्षण भी कराया गया था। इन सभी परीक्षणों के आधार पर हमने कृष्णा को गिरफ्तार किया है।"

अरुण कुमार ने यह कहते हुए कि मामले की जांच अभी जारी है, टेस्ट से जुड़ी अन्य जानकारियां देने से मना कर दिया। बहरहाल, अभी तक यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कृष्णा को क्यों गिरफ्तार किया गया है।

इससे पहले, सीबीआई की एक टीम ने आज राजेश तलवार का भी मनोवैज्ञानिक परीक्षण कराया। इसके अलावा सीबीआई ने तलवार की दुबई स्थित उनके एक करीबी मित्र से भी बातचीत कराई। इस बातचीत के बारे में पूछे जाने पर सीबीआई ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।

इस बीच, सीबीआई ने शुक्रवार को आरुषि के पिता राजेश तलवार के एक उद्योगपति मित्र से भी पूछताछ की। तलवार के एक पारिवारिक मित्र प्रदीप दयाल की गाड़ी का इस्तेमाल हरिद्वार जाने के लिए किया गया था जहां आरुषि का अंतिम संस्कार किया गया था। पुलिस दयाल की भूमिका की भी जांच कर रही है कि कहीं उसकी गाड़ी का इस्तेमाल हत्या में प्रयुक्त हथियार को नष्ट करने में तो नहीं किया गया।

तलवार के मित्र से पूछताछ कथित तौर पर कम्पाउंडर कृष्णा के नारको परीक्षण के दौरान उसका नाम आने के बाद की गई। कृष्णा को आज दिल्ली लाया गया। कृष्णा ने दिल्ली में घरेलू नौकर के रूप में काम करने वाले अपने एक मित्र का नाम लिया है, उससे भी पूछताछ की जा रही है।

उधर, कृष्णा के परिजनों ने आज राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में एक याचिका दायर की और कृष्णा के तत्काल रिहाई की मांग की। कृष्णा के वकील एस.सी. शर्मा ने आईएएनएस से कहा, "हमने कृष्णा के कानूनी हिरासत पर सवाल उठाया है। वह तीन जून से सीबीआई के हिरासत में था लेकिन उसे शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। हम उसकी जमानत के लिए याचिका दायर करेंगे।"

सीबीआई तलवार के दो और पुराने नौकरों विष्णु और राजू की भूमिका की भी जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि 14 वर्षीया आरुषि पिछले महीने की 16 तारीख को अपने घर में मृत पाई गई थी। अगले ही दिन तलवार परिवार के नौकर की लाश भी घर की छत से बरामद होने के बाद मामला उलझ गया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+