मक्का के रकबे में 10 फीसदी वृद्धि के आसार
नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। मौजूदा बुआई सत्र के दौरान देश में मक्का के रकबे में 7 से 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। पिछले वर्ष कुल 74 लाख हैक्टेयर क्षेत्रों में मक्का की बुआई की गई थी।
आल इंडिया स्टार्च मैन्यूफैक्च र्स एससोसिएशन के अध्यक्ष अमोल सेठ के अनुसार मक्का की कीमतों में जारी तेजी से किसान पिछले वर्ष की तुलना में इस बार इसकी खेती की ओर ज्यादा रुख कर सकते हैं। यह संभावना विशेषकर कर्नाटक, महाराष्ट्र व आंध्र प्रदेश को लेकर व्यक्त की गई है।
मक्का की कीमत फिलहाल स्थानीय बाजार में 8,500 रुपये प्रति टन है जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 7,200 रुपये प्रति टन की तुलना में 18 फीसदी ज्यादा है।
अमोल सेठ के अनुसार स्थानीय बाजार में मक्का की कीमतों में तेजी जारी रह सकती है। सेठ के अनुसार जून 30 को समाप्त हुए फसल वर्ष के दौरान मक्का का उत्पादन बढ़कर 1.65 से 1.7 करोड़ टन तक पहुंच सकता है। सरकार ने हालांकि समान अवधि के लिए 1.85 करोड़ टन मक्का का उत्पादन लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्ष 2006-07 के दौरान देश भर में 1.51 करोड़ टन मक्का का उत्पादन हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।