उड़ीसा के कलाकार को बर्लिन में प्रथम पुरस्कार
भुवनेश्वर, 13 जून (आईएएनएस)। रेत पर कलाकृतियां उकेरने वाले उड़ीसा के चर्चित कलाकार सुदर्शन पटनायक ने बर्लिन में आयोजित 'यूनाइटेड सैंड फेस्टिवल (यूएसएफ) वर्ल्ड डबल चैंपियनशिप' में 'ग्लोबल वार्मिग' पर बनाई अपनी कृति के लिए प्रथम पुरस्कार पाया है।
पटनायक ने आईएएनएस को फोन पर कहा, "रेत से निर्मित 25 फुट ऊंचे ग्लोब के शीर्ष पर मैंने एक पोलर बियर (भालू) बनाया है, जो अपने परिवार की सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है।"
पांच जून को शुरू हुई यह प्रतियोगिता गुरुवार को खत्म हो गई। इस प्रतियोगिता में डेनमार्क, जर्मनी, ब्रिटेन, स्पेन, हॉलैंड, जापान, बेल्जियम, मोरक्को, इटली, फ्रांस और अमेरिका सहित कुल 12 देशों के कलाकारों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में अमेरिका को द्वितीय और नीदरलैंड को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
इन कृतियों को अभी कुछ और हफ्तों तक दर्शकों के लिए रखा जाएगा। पुरी में रहने वाले पटनायक अब तक अंतर्राष्ट्रीय स्तर की रेत से निर्मित कलाकृतियों से जुड़ी 35 प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications