नाथपा झाकड़ी संयंत्र से अभी भी बिजली उत्पादन ठप्प
शिमला, 13 जून (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के किन्नूर में स्थित 1,500 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाली नाथपा झाकड़ी पनबिजली संयंत्र से अभी तक बिजली उत्पादन की बहाली नहीं हुई है। संयंत्र मेंउत्पादन ठप्प हुए तीन दिन हो चुके हैं।
सतलुज नदी में मिट्टीयुक्त रेत की मात्रा में निर्धारित स्तर से ज्यादा की वृद्धि की वजह से बुधवार से ही संयंत्र से उत्पादन ठप्प है। सतलुज जल विद्युत निगम के उप महाप्रबंधक विजय कुमार वर्मा के अनुसार नदी में मिट्टी युक्त रेत का स्तर 7,500 पीपीएम (पार्ट पर मिलियन) हो जाने की वजह से बिजली उत्पादन रोक देना पड़ा था।
विजय कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि नदी में मिट्टी युक्त रेत का स्तर अब गिरकर 5,500 पीपीएम तक आ चुका है और अगले एक -दो दिनों में संयंत्र से बिजली उत्पादन बहाल हो जाएगा।
उधर संयंत्र से बिजली उत्पादन अस्थायी तौर पर ठप्प होने के मद्देनजर उत्तर भारत में बिजली संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
विजय वर्मा ने बताया कि उत्पादन ठप्प होने की वजह से निगम को अब तक कुल 20 करोड़ रुपये कर नुकसान हो चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications