तीन दिनों से लापता हैं कर्नाटक के विधायक की पत्नी
बंगलौर, 13 जून (आईएएनएस)। कर्नाटक के उडूपी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक के. रघुपति. भट की पत्नी पद्मप्रिया पिछले तीन दिनों से लापता है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि पद्मप्रिया 10 जून को उडूपी से 30 किलोमीटर दूर स्थित अपने मायके के लिए रवाना हुई थी लेकिन अब तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
पुलिस के मुताबिक विधायक की पत्नी जिस कार से मायके के लिए रवाना हुई थी वह उडूपी के निकट कुंजारगिरी में आज सुबह मिली है। कार से एक सिम कार्ड और टूटी हुई चूड़ियां बरामद हुई है।
उडूपी के उप पुलिस अधीक्षक एम. बी. नागराज ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "अभी तक मिली सूचना के मुताबिक पद्मप्रिया खुद कार चला रही थी। लेकिन वह अपने मायके नहीं पहुंच पाई। हम मामले की छानबीन कर रहे हैं।"
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह दिन में यात्रा कर रही थी या रात में। लेकिन पद्मप्रिया जिस रास्ते से जा रही थी वह नक्सल प्रभावित क्षेत्र है।
नागराज से जब यह पूछा गया कि कहीं माओवादियों ने उनका अपहरण तो नहीं कर लिया तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, "ऐसा नहीं लगता।"
उल्लेखनीय है कि के. रघुपति. भट दूसरी बार विधायक बने हैं। उनकी पत्नी पद्मप्रिया गृहिणी हैं। उनके दो बच्चे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम से भट को बेहद झटका लगा है। उन्होंने कहा कि इस वे कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications