हांगकांग और दक्षिणी चीन में प्रदूषण हर साल लील जाता है हजारों जिंदगियां
हांगकांग, 12 जून (आईएएनएस)। हांगकांग, मकाउ और दक्षिणी चीन के पर्ल नदी डेल्टा क्षेत्र में प्रदूषण से होने वाली बीमारियों की वजह से हर साल दस हजार से ज्यादा लोग काल का ग्रास बन जाते हैं।
गुरुवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदूषण की वजह से श्वास संबंधी रोगों से ग्रसित व्यक्ति चार लाख 40 हजार बिस्तर घेरे रहते हैं और एक करोड़ दस लाख चिकित्सक उनकी तीमारदारी करते हैं, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को प्रतिवर्ष 6.7 अरब युआन का भार वहन करना पड़ता है।
हांगकांग की सिविक एक्सचेंज संस्था की ओर से प्रदूषित हवा के प्रभावों के बारे में कराए गए सर्वेक्षण में ये नतीजे सामने आए हैं। इस सर्वेक्षण की रिपोर्ट गुरुवार को समाचार पत्र में प्रकाशित की गई है।
हांगकांग और पर्ल नदी डेल्टा क्षेत्र में पिछले कुछ दशकों से वाहनों की बढ़ती संख्या और पड़ोस में चीन का दक्षिणी औद्योगिक क्षेत्र होने की वजह से यहां धूंए की मात्रा बढ़ी है।
इससे पहले किए गए सर्वेक्षणों में भी कहा गया था कि प्रदूषण की वजह से होने वाले रोगों से हजारों लोगों की मौते हो जाती है और इसकी वजह से विदेशी निवेशक यहां निवेश करने से परहेज करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications