मूडी फिर से तय करेगी डाईची की रैंकिंग
नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। वश्विक रेटिंग एजेंसी मूडी इन्वेस्टर्स सर्विस जापान की दवा निर्माता कंपनी डाईची सानक्यो कंपनी लिमिटेड की रैंकिंग की फिर से समीक्षा करने जा रही है।
यह कदम जापानी कंपनी द्वारा भारतीय दवा निर्माता कंपनी रैनबैक्सी की 34.8 फीसदी शेयरों को खरीद की प्रक्रिया की शुरुआत के बाद उठाया गया है।
समझौते के मुताबिक रैनबैक्सी के 34.8 फीसदी शेयर जो इसके प्रोमोटरों के पास है, को खरीदने में डाईची सानक्यो को 4.6 अरब डालर नकद भुगतान करना होगा।
मूडी के विचार में शेयरों के हस्तांतरण से डाईची के नकदी भंडार यानी तरलता पर प्रभाव जरूर पड़ेगा। लेकिन दूसरी ओर एजेंसी का यह भी मानना है कि शेयरों की खरीद से जापानी कंपनी के वैश्विक विकास की क्षमता में इजाफा होगा और कंपनी को उभरते हुए बाजारों में पैठ बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही कंपनी का यह कदम उसकी वित्तीय नीति को भी पुनर्नियोजित करेगा।
मूडी के अनुसार रैनबैक्सी के शेयरों की खरीद से तात्कालिक तौर पर कंपनी की रेटिंग में मामूली गिरावट आएगी लेकिन कंपनी अपनी तरलता की क्षमता व प्रबंधन के बदौलत शीघ्र ही इसे रिकवर कर लेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications