गोरखालैंड की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने आठ पर्यटकों को घायल किया
कोलकाता, 12 जून (आईएएनएस)। अलग गोरखालैंड की मांग कर रहे गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में आज एक पर्यटक वाहन पर हमला बोल दिया। इस हमले में आठ लोग घायल हो गए।
पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिरीक्षक (उत्तरी बंगाल) के. एल. टम्टा ने आईएएनएस को बताया, "जीजेएम के कार्यकर्ताओं का एक समूह दार्जिलिंग जिले के कलिमपोंग उप मंडल के एक गांव में घुस आया। स्थानीय लोगों के पीछा करने पर जीजेएम कार्यकर्ता भागने लगे । रास्ते में एक पर्यटक वाहन आ जाने पर कार्यकर्ताओं ने अपना गुस्सा पर्यटक वाहन में बैठे सैलानियों पर उतार दिया।"
उन्होंने कहा कि इस घटना में आठ लोग घायल हो गए। दार्जिलिंग की पहाड़ियों पर घूमने आए पर्यटकों को इन दिनों काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें परिवहन के साथ खाने पीने की समस्याओं से भी दो चार होना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि अलग गोरखालैंड राज्य की मांग कर रहे जीजेएम समर्थकों ने पूरे क्षेत्र में अपने आंदोलन तेज कर दिया है। जीजेएम ने अपनी मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान कर रखा है। हालांकि बुधवार को इस संगठन ने हड़ताल में 60 घंटों की छूट दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications