माया ने दी बूटा को सलाह, करें अन्य राज्य का दौरा
लखनऊ , 12 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने राज्य में दौरे पर आए राष्ट्रीय अनुसूचित जाति व जनजाति आयोग के अध्यक्ष डा़ बूटा सिंह को सलाह दी है कि वह उत्तरप्रदेश में अपना समय नष्ट करने की बजाय उन राज्यों को समय दें जहां दलित उत्पीड़न की घटनाएं अधिक हो रही हैं।
नोएडा दौरे के बाद डा़ बूटा सिंह आयोग के अन्य सदस्यों के साथ गुरुवार को इलाहाबाद के दौरे पर थे। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को एक वक्तव्य में कहा कि बूटा सिंह और आयोग के अन्य सदस्य जिन प्रकरणों की छानबीन करने प्रदेश में आए हैं, उस सम्बन्ध में राज्य सरकार पहले ही कार्रवाही कर चुकी है।
मायावती ने कहा कि यहां अनावश्यक दौरा कर वह उन घटनाओं की उपेक्षा कर रहे हैं जो प्रदेश के बाहर घटित हो रही हैं और जिन पर आयोग द्वारा तत्काल ध्यान दिए जाने की जरूरत है। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग एक संवैधानिक संस्था है और सभी संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा करते हुए उनके राजनीतिक उपयोग से बचा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की अपेक्षा जिन अन्य राज्यों में अनुसूचित जाति व जनजाति के उत्पीड़न की घटनाएं अधिक हो रही हैं वहां आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश की तरह प्रभावी कार्रवाही नहीं की जा रही है। यहां बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार है और ऐसी स्थिति में बूटा सिंह को यहां की चिन्ता करने और प्रदेश में अनावश्यक समय नष्ट करने की जरूरत नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications