म्यांमार में तूफान प्रतिरोधी आदर्श गांव बनाया जाएगा
यंगून, 12 जून (आईएएनएस)। हाल ही में समुद्री तूफान 'नरगिस' से मची भारी तबाही से सीख लेते हुए म्यांमार ने अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों की सहायता से तूफान प्रतिरोधी एक आदर्श गांव बनाने की तैयारी की है।
स्थानीय अखबार यंगून टाइम्स में 'म्यांमार इंजीनियर्स एसोसिएशन' के हवाले से छपी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि जापान के टोक्यो विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों और भारत, पाकिस्तान व बांग्लादेश के तूफान प्रभावित इलाकों में इस्तेमाल की गई तकनीकी विधाओं की सहायता से इस प्रस्तावित आदर्श गांव का निर्माण किया जाएगा।
इस आदर्श गांव की स्थापना समुद्री तूफान 'नरगिस' से प्रभावित यंगून डिवीजन के किसी उपयुक्त इलाके में की जाएगी। वर्ष 2010 के फरवरी माह तक इस गांव का निर्माण कार्य पूरा कर लिए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रस्तावित आदर्श गांव की स्थापना को लेकर टोक्यो विश्वविद्यालय और म्यांमार इंजीनियर्स एसोसिएशन के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
चालीस घरों का यह प्रस्तावित आदर्श गांव तूफान प्रतिरोधी क्षमताओं, जल वितरण प्रणाली की सुविधाओं और सौर ऊर्जा से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था से लैस होगा।
ज्ञात हो कि पिछली 2 और 3 मई को समुद्री तूफान 'नरगिस' के कहर से म्यांमार में एक लाख से भी अधिक लोग मारे गए थे। इस प्राकृतिक हादसे में अयेयवड्डी, यंगून, बागो, मोन और कायिन बुरी तरह प्रभावित हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications