कानपुर में दलित युवक की हिरासत में मौत, दो निलंबित
कानपुर, 12 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के कानपुर में एक दलित युवक की पुलिस हिरासत में हुई कथित पिटाई के बाद मौत हो जाने के मामले में आज उपनिरीक्षक व कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।
कानपुर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दिलीप कुमार ने आईएएनएस को बताया कि उमाकांत उर्फ बचोले को लड़की भगाने में मदद करने की शिकायत पर बुधवार दोपहर को नरवल थाना के उपनिरीक्षक शेष कुमार शुक्ला व कांस्टेबल खेत सिंह पूछताछ के लिए थाने ले आए।
कुमार के मुताबिक बुधवार देर रात में उमाकांत को छोड़ दिया गया पर उसकी तबियत खराब हो गई। इसके बाद उसे घरवालों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां आज उसकी मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि उमाकांत का मामा सोहन लाल उर्फ घसीटे मंगलवार को बबिता नाम की एक लड़की को भगा ले गया। इसके बाद लड़की के घरवालों ने नरवल थाने में इसकी शिकायत की। इसके आधार पर उमाकांत को पुलिस पूछताछ के लिए ले गई।
उमाकांत के घरवालों का आरोप है कि उसकी मौत पुलिस अभिरक्षा में हुई पिटाई से हुई है। इस बाबत उन्होंने महराजपुर थाने में उपनिरीक्षक शेष कुमार शुक्ला व कांस्टेबल खेत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
उधर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने मामले पर कहा कि फिलहाल उपनिरीक्षक शेष कुमार शुक्ला व कांस्टेबल खेत सिंह को निलंबित कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवेचना आगे बढ़ेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications