उप्र के मुस्लिम हैं सबसे अधिक भेदभाव के शिकार: मोहम्मद कुरैशी
लखनऊ , 12 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहम्मद शफी कुरैशी ने राजधानी लखनऊ में गुरुवार को कहा कि मुस्लिमों के साथ होने वाले भेदभाव और ज्यादती की शिकायतें सबसे अधिक उत्तरप्रदेश से आती हैं।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुरैशी ने कहा कि मुस्लिम समाज आज अपने को निराश और टूटा हुआ महसूस कर रहा है। केन्द्र सरकार ने भी मुस्लिम कल्याण के लिए समय-समय पर जारी की गई सिफारिशों को कभी क्रियान्वित नहीं किया।
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष दो दिनों के दौरे पर लखनऊ आए थे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य सच्चर समिति की रिपोर्ट को लागू करने के तौर तरीकों पर लोगों की राय जानना और अल्पसंख्यक कल्याण कार्य से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेना है।
मोहम्मद कुरैशी ने कहा कि हर स्तर पर भेदभाव बरते जाने के कारण मुस्लिमों का इस व्यवस्था से भरोसा उठता जा रहा है। उन्हें यह विश्वास दिलाया जाना चाहिए कि देश का कानून सबों के लिए बराबर है। इस मामले में प्रदेश के मुख्य सचिव से आयोग की बातचीत हुई है, जिससे इस मामले में राज्य सरकार का रुख सकारात्मक मालूम पड़ता है।
मोहम्मद कुरैशी के अलावा आयोग के अन्य सदस्य दिलीप पटगांवकर और लामा चैसवेल गोटवा भी वहां मौजूद थे। लामा चैसवेल गोटवा ने कहा कि उत्तरप्रदेश में पाली भाषा के विकास के लिए सरकारी स्तर पर कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं और नव बौद्धों को धर्म संबंधी प्रमाण पत्र भी जारी नहीं किए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications