गुर्जर आंदोलन और बारिश से हिमाचल का पर्यटन उद्योग प्रभावित
शिमला, 12 जून (आईएएनएस)। देश के उत्तरी मैदानी इलाकों में बारिश और राजस्थान में लंबे समय से चल रहे गुर्जर आंदोलन की वजह से बहुत से पर्यटकों द्वारा अपनी बुकिंग रद्द कराने से हिमाचल प्रदेश का पर्यटन उद्योग प्रभावित हुआ है।
हिमाचल में मई और जून में तपती गर्मी से बचने के लिए राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब और हरियाणा से भारी संख्या में पर्यटक आते हैं लेकिन इस बार बारिश और गुर्जर आंदोलन ने पर्यटकों को यहां पहुंचने में बाधा पहुंचाई है।
शिमला होटल संघ के महासचिव अश्वनी सूद ने आईएएनएस से कहा, "इस वर्ष यहां काफी कम संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। यहां के 20 फीसदी से अधिक होटलों और ट्रेवल एजेंसियों को भारी नुकसान पहुंचा है।"
सूद ने कहा, "राजस्थान में गुर्जरों के हिंसक आंदोलन के कारण रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसका सीधा असर यहां पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या पर देखा जा रहा है।"
उन्होंने कहा, "मैदानी इलाकों में बारिश के कारण तापमान में आई गिरावट के कारण भी यहां कम संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।" उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष यहां 88 लाख पर्यटक पहुंचे थे, जिसमें 339,000 विदेशी पर्यटक शामिल थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications