कांग्रेस ने कहा, माया की नसीहत केवल ढोंग
लखनऊ, 12 जून (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री मायावती द्वारा पुलिस अधिकारियों को थाने बेचने से बाज आने की चेतावनी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस ने कहा है कि जिसने सभासद से लेकर संसद का टिकट तथा पटवारी से लेकर प्रमुख सचिव तक का पद नीलाम किया हो उस मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के अधिकारियों को नसीहत देना केवल ढोंग है।
प्रदेश कांग्रेस समिति के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने आज कहा कि राज्य में गिरती कानून व्यवस्था एवं अपने दल के लोगों द्वारा लगातार किए जा रहे अपराधों पर नसीहत देने वाली मुख्यमंत्री मायावती को यह नहीं भूलना चाहिए कि उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में हर चुनाव में प्रत्याशियों के टिकट को बेचा है। जिस सरकार में अधिकारियों एवं मंत्रियों द्वारा धन एकत्र करने की चर्चाएं आम हों, उस सरकार की मुखिया थानों एवं विभागों की नीलामी तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा कमीशनखोरी को कैसे रोक सकती हैं।
उन्होंने कहा कि जिस मुख्यमंत्री ने शपथग्रहण करते ही जेल में बंद एक अपराधी को मंत्री पद से नवाजा हो, जिसने सबसे ज्यादा अपराधियों को विधानसभा में प्रत्याशी बनाया हो, जिसके प्रत्याशी चयन का मानक मोटी रकम हो, ऐसे लोग सत्ता में आने के बाद अपनी अदा की गयी कीमत तो वसूलेंगे ही। जिसने कीमत ली हो उसकी नसीहत का कीमत अदा करने वालों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ सकता।
उल्लेखनीय है कि कल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री मायावती ने पुलिस अधिकारियों से थाना बेचने से बाज आने और एक माह में सुधर जाने को कहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications