'अगवा' युवती गुड़गांव में पाई गई
गाजियाबाद, 11 जून (आईएएनएस)। हिंडन नदी में नौ जून को गिरी कार को देखकर आशंका जताई जा रही थी कि उस कार को चलाने वाली 21 वर्षीय युवती को अगवा कर लिया गया है, लेकिन बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसे दिल्ली से सटे गुड़गांव के इलाके में देखा गया है।
पुलिस ने बताया कि नोएडा के एक कॉल सेंटर में काम करने वाली अदिति त्यागी ने उस दिन अपनी कार हिंडन नदी में गिराकर माता-पिता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश की थी।
पुलिस अधीक्षक (शहर) विजय भूषण ने बताया, "उसके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर रखने के बाद मालूम हुआ कि वह गुड़गांव में रह रही है।
नोएडा के एक सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत मदासर इरफान नामक युवक के साथ 17 मई को अदिति ने अदालत में शादी कर ली थी और उसी के साथ वह वहां रह रही है।"
एक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम में कार्यरत अदिति के वैज्ञानिक पिता ए. पी. त्यागी ने कहा, "साधारणत: शाम 7 बजे वह ऑफिस से निकल जाती थी और वहां से निकलने से पहले वह अपनी मां को एक मिस्ड कॉल देती थी।"
"लेकिन उस रात न तो उसने मां को फोन किया और न ही घर पहुंची। उस दिन ऑफिस से भी वह एक घंटे पहले ही निकल गई थी। यह सब देखने के बाद ही हमने पुलिस में मामला दर्ज कराया।"
उन्होंने कहा, "उसी रात पुलिस ने हमें सूचना दी कि उसकी कार हिंडन नदी में गिरी हुई मिली है, जिसमें उसका एक मोबाइल फोन, एक स्टॉल, एक जोड़ी मौजे, चेक और पहचान पत्र भी था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications