इलाज के लिए हसीना जाएंगी विदेश
ढाका, 11 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना गुरुवार को इलाज के लिए विदेश रवाना होंगी।
हसीना की पार्टी 'अवामी लीग' (एएल) ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा है कि दिसंबर में होने वाले संसदीय चुनाव हसीना के नेतृत्व में ही लड़े जाएंगे। चर्चा है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार हसीना को रिहा भी कर सकती है।
अंतरिम सरकार पर हसीना की रिहाई को लेकर देश और विदेशों से भी दबाव है। देश में चल रही राजनीतिक वार्ता में एएल के शामिल होने की भी संभावना व्यक्त की जा रही है।
अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार फखरुद्दीन अहमद ने मंगलवार को हसीना के विदेश जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की समीक्षा की। बांग्लादेशी समाचार पत्र 'द डेली स्टार' के अनुसार सरकार हसीना की रिहाई को लेकर औपचारिक घोषणा करेगी।
गौरतलब है कि हसीना गत 11 महीनों से यहां के एक विशेष जेल में बंद हैं। रक्तचाप, कम रोशनी और कम सुनाई देने की शिकायत के बाद सरकार द्वारा नियुक्त चिकित्सों की सलाह पर उन्हें इलाज के लिए विदेश भेजा जा रहा है। मंगलवार को उन्होंने अपने पासपोर्ट के साथ अमेरिकी, ब्रिटिश वीजा के साथ कनाडाई वीजा भी पेश किया।
एएल के प्रमुख सदस्य तौफेल अहमद ने कहा है कि विदेश में रहते हुए भी हसीना ही पार्टी का नेतृत्व करेंगी। पार्टी महासचिव सैयद अशर्फुल इस्लाम ने कहा है कि देश में दिसंबर में होने वाले चुनाव में एएल हिस्सा लेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications