अफगान सीमा पर 13 पाक सैनिक मारे गए (लीड-1)
इस्लामाबाद, 11 जून (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की सीमा से सटी पाकिस्तान की एक सीमा चौकी पर मंगलवार रात अफगान सेना के हमले में पाकिस्तानी अर्धसैनिक बलों के कम से कम 13 जवान मारे गए। यह जानकारी मीडिया रिपोर्टो में दी गई है।
अफगानिस्तान सीमा पर स्थित मोहमंद जिले की छोपारा चौकी पर मंगलवार रात यह हमला हुआ। 'जियो' समाचार चैनल ने यह जानकारी सूत्रों के हवाले से दी है।
दरअसल, मोहमंद जिले के गोरापारी इलाके में अफगानी सेना द्वारा चौकी बनाए जाने के कथित प्रयासों के कारण पिछले कुछ दिनों से इलाके में तनाव था।
कुछ अन्य मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की सेना के हवाई हमले में एक मेजर समेत अर्धसैनिक बलों के 13 जवान और चार नागरिक मारे गए।
निजी समाचार चैनल 'आज ' के अनुसार अफगान सैनिकों ने मंगलवार रात पाकिस्तानी सीमा चौकी को अपने कब्जे में ले लिया था। पाकिस्तानी सैनिकों के विरोध के बाद सीमा चौकी पर नाटो द्वारा हवाई हमला किया गया था।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सेना ने अभी तक इस हमले की पुष्टि नहीं की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications