भारत-कनाडा व्यापार सम्मेलन शनिवार से
मुंबई, 11 जून (आईएएनएस)। भारत और कनाडा के बीच शिक्षा से लेकर समुद्री परिवहन तक तमाम क्षेत्रों में संभावित द्विपक्षीय व्यापारिक समझौतों पर परिचर्चा के लिए छह दिवसीय सम्मेलन 14 जून से कनाडाई शहर टोरंटो और वैनकूवर में आयोजित होगा।
'इंडियन मर्चेट्स चैंबर' (आईएमसी) द्वारा आयोजित 'इंडिया कालिंग इटरनेशनल कांफ्रेंस' नामक इस सम्मेलन में कनाडा के 250 से अधिक व्यापारिक घरानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
आईएमसी के अध्यक्ष एम. एन. चैनी ने आईएएनएस से कहा, "हम कनाडा के कुछ बड़े उद्योगपतियों समेत 150 से ज्यादा प्रतिनिधियों को शामिल करेंगे।"
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश का स्तर फिलहाल बहुत छोटा है, जबकि इसके विस्तार की संभावनाएं असीमित हैं।
आईएमसी के उपाध्यक्ष गुल क्रिपलानी ने कहा, "भारत के कुछ औद्योगिक घरानों ने कनाडा में निवेश के लिए रुचि दिखाई है और ऐसा करने से पहले वे जमीनी स्तर पर इसकी तैयारी करना चाहते है।"
उल्लेखनीय है कि आईएमसी सिंगापुर, दुबई, लंदन और जोहांसबर्ग में भी इस तरह के सम्मेलन कर चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications