पाकिस्तान में सुप्रीम कोर्ट के जजों की संख्या बढ़ेगी
इस्लामाबाद, 11 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेतृत्व में बनी पाकिस्तान की गठबंधन सरकार ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय के जजों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव किया है।
वित्त मंत्री नावेद कमर ने संसद में अपने बजट भाषण के दौरान कहा, "उच्चतम न्यायालय में जजों की संख्या को बढ़ाकर 16 से 29 करने के संबंध में मै प्रस्ताव करता हूं।"
सरकार की ओर से यह घोषणा आज उस वक्त हुई जब बर्खास्त जजों की बहाली की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में वकील इस्लामाबाद की ओर मार्च कर रहे हैं।
इस बीच पीपीपी के एक सांसद ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि अब जजों की बहाली भी हो जाएगी और मौजूदा जज भी अपना काम काज जारी रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि बर्खास्त पूर्व प्रधान न्यायाधीश इफ्तिखार चौधरी समेत उच्चतम न्यायालय के बर्खास्त जजों की संख्या 13 है। जबकि मौजूदा समय में 16 जज काम कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications