महंगाई को काबू में करने के लिए आरबीआई की नई कवायद (लीड-1)
नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। देश में बढ़ रही महंगाई पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने आज लिक्वि डिटी एडजस्टमेंट फैसिलिटी (एलएएफ) के तहत रेपो रेट में चौथाई फीसदी यानी 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब यह 7.75 फीसदी से बढ़कर 8 फीसदी हो गया है। रेपो रेट वह ब्याज दर है जिसे अन्य बैंकों को केंद्रीय बैंक से प्राप्त उधार के लिए अदा करना होता है।
बैंक की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार नई दर तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। हालांकि बैंक ने रिवर्स रेपो रेट को 6 फीसदी के स्तर पर अपरिवर्तित रखा है। नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) को भी यथावत रखा गया है। बैंक ने मार्च 2007 के बाद पहली बार रेपो रेट में वृद्धि की है। नवंबर 2002 के बाद रेपो रेट अपने उच्चतम स्तर पर है। भारतीय रिजर्व बैंक अपनी मौद्रिक नीति की समीक्षा 29 जून को करेगा।
केंद्रीय सांख्यिकी संगठन (सीएसओ) से जारी आंकड़ों के अनुसार 24 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश में महंगाई की दर बढ़कर 8.24 फीसदी तक पहुंच गई थी।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि जून के पहले सप्ताह तक महंगाई दर बढ़कर 9 फीसदी को पार कर सकती है। अंतिम बार महंगाई दर 9 फीसदी के ऊपर अगस्त 1995 में गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications