गोवा के विधायकों ने राष्ट्रपति से भेंट कर राज्यपाल को हटाने की मांग की
नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। गोवा के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से भेंट कर राज्यपाल एस. सी. जमीर को हटाए जाने की मांग की है।
पाटिल से मुलाकात के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता व गोवा मामलों के प्रभारी राजीव प्रताप रूढ़ी ने कहा, "राष्ट्रपति से मिलकर हमने उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में गोवा के लगभग दो लाख लोगों के हस्ताक्षर हैं। ज्ञापन में राज्यपाल जमीर को बर्खास्त किए जाने की मांग की है।"
उन्होंने कहा कि राज्यपाल जमीर कांग्रेस पार्टी के एजेंट की तरह बर्ताव कर रहे हैं। पिछले कुछ महीनों के दौरान उनकी जो गतिविधियां रही है, उससे विधायकों का उन पर से विश्वास खत्म गया है।
जमीर की गतिविधियों को असंवैधानिक और पक्षपातपूर्ण बताते हुए रूढ़ी ने राज्यपाल पर सरकारी खजाने का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, "बजट को अध्यादेश के जरिए पास कराया गया जो कि एक अभूतपूर्व घटना है।"
उन्होंने कहा कि इन आरोपों को साबित करने के लिए सूचना के अधिकार का उपयोग कर पार्टी ने प्रमाण भी इकट्ठा किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications