इलाज के लिए विदेश जा सकती हैं शेख हसीना
ढाका, 9 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना इलाज के लिए अमेरिका जा सकती हैं। उधर दूसरी पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया ने सरकार द्वारा नियुक्त मेडिकल बोर्ड की सिफारिश के बावजूद देश छोड़ने की किसी भी संभावना से इंकार किया है।
जिया ने रविवार को एक स्थानीय अदालत में पत्रकारों से कहा, "बांग्लादेश में अच्छे डाक्टर हैं और मैं अपने लोगों के साथ रहना पसंद करूंगी।"
समाचार पत्र 'न्यू एज' के मुताबिक जिया के छोटे बेटे अराफात रहमान कोको इलाज करवाने के लिए विदेश जा सकते हैं। पिछले महीने उनकी पत्नी ने इलाज के लिए थाईलैंड जाने की अनुमति मांगी थी। उनका कहना था कि वे पहले भी वहां इलाज करवा चुकी हैं, इसलिए बेहतर होगा कि दोबारा इलाज के लिए वे वहीं जाएं।
उधर राजनीतिक विश्लषकों का कहना है कि हसीना ने मार्च में इलाज के लिए विदेश जाने की औपचारिकअनुमति मांगी थी। वे अस्थिर रक्तचाप से पीड़ित हैं और वर्ष 2004 में उन पर हुए एक ग्रेनेड हमले के कारण उनकी एक आंख की रोशनी चली गई थी और एक कान भी क्षतिग्रस्त हो गया था।
हालांकि मीडिया रिपोर्टो के मुताबिक अदालत में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हसीना ने विदेश जाने के बारे में खुद कुछ नहीं कहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications