मनमोहन और गिलानी सार्क शिखर सम्मेलन के दौरान मिलेंगे
इस्लामाबाद, 9 जून (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) की कोलंबो में आगामी 27 जुलाई से 3 अगस्त तक आयोजित होने वाली शिखर बैठक के दौरान आपस में मिलेंगे।
विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि बैठक का कोई एजेंडा अभी तैयार नहीं हुआ है, लेकिन इस बात के प्रबल आसार हैं कि इस दौरान भारतीय प्रधानमंत्री की बहुप्रतीक्षित पाकिस्तान यात्रा की तिथि के बारे में अंतिम निर्णय ले लिया जाएगा।
पाकिस्तान की नई सरकार के सत्ता में आने के बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्री के बीच यह पहली बातचीत होगी।
दोनों पड़ोसियों के बीच तमाम मुद्दों को आपसी बातचीत के जरिए सुलझाने की इच्छा जताते हुए पाक विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने कहा कि उनका पक्ष पुरानी बातचीत को ही आगे बढ़ाने पर जोर देगा।
दोनों प्रधानमंत्रियों की इस बैठक से पहले दोनों देशों के विदेश मंत्री आपस में बातचीत करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications