गुर्जर और राजस्थान सरकार वार्ता को राजी
जयपुर, 9 जून (आईएएनएस)। अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग को लेकर पखवाड़े भर से आंदोलन कर रहे गुर्जर समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ राजस्थान सरकार सोमवार को बातचीत करेगी। इस आंदोलन में कम से कम 39 लोग जान गवां चुके हैं।
राज्य के खनन मंत्री एल. एन दवे और सिंचाई मंत्री सनवर लाल जाट भरतपुर जिले के बयाना में गुर्जरों से आरंभिक दौर की बातचीत करेंगे। हालांकि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और गुर्जर संघर्ष आरक्षण समिति के संयोजक किरोड़ी सिंह बैंसला इस बातचीत में हिस्सा नहीं लेंगे।
दवे ने आईएएनएस से कहा, "हम जल्द से जल्द बयाना जाएंगे।"
जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव एस. एन. थानवी ने बताया, "राज्य सरकार बयाना में सोमवार को गुर्जर नेताओं के साथ आरंभिक दौर की बातचीत करने को तैयार हो गई है। हमें अभी तक बैठक में हिस्सा लेने के संबंध में गुर्जर नेताओं का पत्र नहीं मिला है। हालांकि, उन्होंने हमें भरोसा दिया है कि वे पत्र भेजेंगे।"
राज्य सरकार ने थानवी को वार्ताकार नियुक्त किया है और वे कुछ दिनों से बयाान में डेरा डाले हुए हैं।
इससे पहले बैंसला ने कहा था कि पहले दौर की बातचीत सफल रही, तो ही हम जयपुर में निर्णायक बातचीत के लिए राजी होंगे।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी गुर्जरों ने आंदोलन किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications