शेयर बाजारों में भारी गिरावट, सेंसेक्स ने 500 और निफ्टी ने 127 अंकों का गोता लगाया (लीड-4)
मुंबई, 9 जून (आईएएनएस)। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से वैश्विक शेयर बाजारों में मचे कोहराम की तपिश से भारतीय शेयर बाजार भी नहीं बच पाए। सोमवार को देश का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 500 और निफ्टी 127 अंक लुढ़क गया।
मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' आज 506.08 अंक फिसलकर 15,066.10 के स्तर पर जा पहुंचा।
इस दौरान बीएसई का मिडकैप 179.82 अंक गिरकर 6,170.33 पर और स्मॉलकैप 279.51 अंक नीचे 7,416.54 पर बंद हुआ।
उधर राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' 126.85 अंक गिरकर 4,500.95 के स्तर पर बंद हुआ।
आज के कारोबार में सेंसेक्स में शामिल जयप्रकाश एसोसिएट्स, डीएलएफ, ओएनजीसी और एचडीएफसी के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई जबकि रैनबैक्सी लैब्स, रिलायंस कम्यूनिकेशंस और हिंडालको के शेयरों में सर्वाधिक तेजी रही।
इस बीच आज दोपहर में सेंसेक्स मनोवैज्ञानिक स्तर यानी 15,000 से भी नीचे चला गया था। 12.10 बजे यह 584.89 अंक अर्थात 3.76 प्रतिशत गिरकर 14,987.89 पर कारोबार कर रहा था।
एक समय सेंसेक्स 726 अंक गिरकर आज के निम्नतम स्तर 14,846.18 पर जा पहुंचा था।
उधर निफ्टी भी 169.65 अंक अर्थात 3.67 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,458.15 के स्तर पर पहुंच गया। एक समय यह आज के निम्नतम स्तर 4,411.60 पर जा पहुंचा था।
इससे पहले आज सुबह कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई। सेंसेक्स 456.21 अंक और निफ्टी 1.35 अंक नीचे खुला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications