8.5 प्रतिशत की दर से विकास करेगी अर्थव्यवस्था : चिदंबरम
नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के आसमान छूने और बढ़ती महंगाई (मुद्रास्फीति) के बावजूद चालू वित्त वर्ष के दौरान देश की अर्थव्यवस्था की विकास दर 8.5 प्रतिशत पर बनी रहेगी।
चिदंबरम ने प्रत्यक्ष कर उगाही से संबंधित आंकड़ों पर चर्चा करते हुए सोमवार को पत्रकारों से कहा, "सारे अनुमान यही संकेत दे रहे हैं कि देश की अर्थव्यवस्था अभी भी 8.5 प्रतिशत की दर से विकास करती रहेगी।"
उल्लेखनीय है कि गत 31 मार्च को समाप्त हुए वित्त वर्ष के दौरान देश की अर्थव्यवस्था ने नौ प्रतिशत की दर से विकास की। इससे पहले के दो वित्त वर्षो के दौरान अर्थव्यवस्था का विकास क्रमश: 9.4 प्रतिशत और 9.6 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से हुआ था।
यद्यपि, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और घरेलू स्तर पर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हुई अप्रत्याशित वृद्धि के मद्देनजर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की कठोर मौद्रिक नीति के कारण अर्थव्यवस्था के विकास पर नकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है।
बावजूद इसके वित्त मंत्री ने विकास दर से संबंधित अपने आकलन पर पूरा भरोसा जताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications