समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद राजा भैया ने की मुलायम से मुलाकात
लखनऊ, 9 जून (आईएएनएस)। निर्दलीय विधायक व पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किए गए अपने समर्थकों को निर्दोष बताते हुए इसे राजनीतिक द्वेष से की गई कार्रवाई करार दिया है।
राजा भैया ने आज इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख मुलायम सिंह यादव से भी मुलाकात की। आईएएनएस से बातचीत में राजा भैया ने कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी लोग संभ्रांत नागरिक हैं और इनके समाजवादी पार्टी से ताल्लुकात हैं। इनमें से कोई भी किसी अभियोग में वांछित नहीं था।
उन्होंने कहा कि इन सभी को इनके घरों से यह कह कर बुलाया गया कि कप्तान साहब बुला रहे हैं। बुलाने के बाद इन्हें दिन भर थाने में बिठाए रखा गया। प्रतापगढ़ के सांसद अक्षय प्रताप सिंह और चायल के सांसद शैलेन्द्र कुमार उसी शाम जब पुलिस अधीक्षक से मिले भी तब भी उन्हें यह नहीं बताया गया कि इन पर गैंगस्टर एक्ट लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष से की गयी इस कार्रवाई के बारे में उन्होंने सपा प्रमुख को अवगत करा दिया है। उन्होंने राज्य की बसपा सरकार पर आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं को परेशान करने व उनका मनोबल तोड़ने के लिए वह सपा नेताओं को फर्जी मामलों में फंसा जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications