श्रीलंका में सेना और लिट्टे के बीच संघर्ष में 36 मरे
कोलंबो, 9 जून (आईएएनएस)। श्रीलंका में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए संघर्ष में कम से कम 28 तमिल विद्रोही और आठ सुरक्षाकर्मी मारे गए।
रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि उत्तरी श्रीलंका के वान्नी क्षेत्र में रविवार को सुरक्षाकर्मियों ने लिट्टे के कई ठिकानों पर हमला कर दिया, जहां संघर्ष के दौरान 17 तमिल विद्रोही मारे गए।
सेना ने बताया कि संघर्ष के बाद सुरक्षाकर्मियों ने 'बेस वन फोर' के निकट लिट्टे के पांच प्रमुख ठिकानों पर अपना कब्जा जमा लिया है। उल्लेखनीय है कि 'बेस वन फोर' लिट्टे प्रमुख वेलुपिल्लई प्रभाकरन का ठिकाना माना जाता है।
सेना के अनुसार इस संघर्ष में सात सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई व एक सुरक्षाकर्मी लापता है जबकि 19 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार संघर्ष फिलहाल जारी है और सुरक्षाकर्मी लिट्टे के अधिकार वाले क्षेत्र में प्रवेश कर गए हैं।
रक्षा सूत्रों ने बताया कि रविवार को ही बाबुनिया और उत्तर पश्चिमी मन्नार जिले में हुए भीषण संघर्ष में 11 तमिल विद्रोही मारे गए हैं।
उधर लिट्टे समर्थित वेबसाइट ने दावा किया है कि सोमवार को वान्नी इलाके में तमिल विद्रोहियों द्वारा की गई एक जवाबी कार्रवाई में 15 सुरक्षाकर्मी मारे गए जबकि 25 घायल हो गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications