गुर्जरों और राजे सरकार के बीच सोमवार को बातचीत संभव
जयपुर, 9 जून (आईएएनएस)। बातचीत के स्थल को लेकर अड़े गुर्जर समुदाय और राजस्थान सरकार ने अपने-अपने रुख में नरमी के संकेत दिए हैं।
ऐसे में संभावना व्यक्त की जा रही है कि अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग को लेकर पिछले 16 दिनों से आंदोलन कर रहे गुर्जर समुदाय और राज्य सरकार के बीच सोमवार को बातचीत हो सकती है।
दरअसल, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुर्जर समुदाय के नेताओं के साथ शुरुआती बातचीत दौसा जिले के बयाना में करने पर सहमत हो गई हैं। दौसा गुर्जर समुदाय का गढ़ है और यहीं पर आंदोलन सबसे तीव्र है।
गुर्जर समुदाय ने सरकार से बातचीत बयाना में करने पर अड़ा हुआ था। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी एस. एन. थानवी ने कहा कि सरकार बयाना में प्रारंभिक बातचीत करने पर सहमत हो गई है। यद्यपि सरकार ने गुर्जर समुदाय से स्पष्ट कर दिया है कि अंतिम बातचीत जयपुर में करने पर सहमति बनने के बाद ही बातचीत की जाएगी।
थानवी राज्य के जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव हैं और पिछले कुछ दिनों से बयाना में रूके हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications