सोमालिया में मोर्टार हमले में 15 मरे, 64 घायल
मोगादिशू, 8 जून (आईएएनएस)। सोमालिया की राजधानी मोगादिशू के बाजार में मोर्टार के गोले गिरने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 64 लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह सरकारी सुरक्षा बलों और इस्लामिक विद्रोहियों के बीच गोलाबारी हो रही थी। इस दौरान बाकारा बाजार में मोर्टार के 20 गोले गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी कहना था कि सरकारी सुरक्षा बलों और इथोपिया के सैनिकों ने इस बाजार को विद्रोहियों से मुक्त कराने के लिए छापे मारे थे।
इस क्षेत्र की एक दुकानदार दुआली सालाह ने समाचार एजेंसी डीपीए को बताया कि उसने बाजार में चारों तरफ लोगों को जमीन पर लेटे हुए देखा। उसे यह पता ही नहीं चल पा रहा था कि इन लोगों की मौत हो गई थी या ये लोग घायल हो गए थे।
सालाह ने कहा कि एक साथ तीन या चार गोले बाजार में गिर रहे थे। इस दौरान वह एक क्रंक्रीट के भवन में छिपी हुई थी।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घायलों में छह बच्चों समेत 64 लोग हैं जबकि मरने वालों में एक गर्भवती महिला भी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications