अफगानिस्तान में बीबीसी पत्रकार सहित 25 मरे (लीड-1)
काबुल, 8 जून (आईएएनएस)। दक्षिणी अफगानिस्तान में अगल-अलग हमलों में अफगान पुलिस के छह जवानों, 16 तालिबानी आतंकवादियों और एक अफगानी मूल के बीबीसी पत्रकार सहित कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई।
रविवार दोपहर को दक्षिणी गजनी प्रांत के क्वेराबाग जिले में अफगानी पुलिस के एक काफिले पर तालिबानी आतंकवादियों ने हमला कर दिया, जिसमें छह जवान मारे गए और कई घायल हो गए। यह जानकारी आतंरिक मंत्रालय के प्रवक्ता जेमाराई बाशरी ने दी।
उन्होंने कहा कि पुलिस बल और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी में दो आम नागरिकों की मौत हो गई।
उधर, अफगान सेना के पश्चिमी क्षेत्र के एक कमांडर ने दावा किया है कि शनिवार देर रात पश्चिमी फराह प्रांत में नाटो के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना द्वारा किए गए हमले में 16 तालिबानी आतंकवादी मारे गए जबकि आठ घायल हो गए। इस बारे में तालिबान और नाटो अधिकारियों से कोई जानकारी नहीं मिली है।
एक अन्य घटना में अफगान मूल के बीबीसी पत्रकार अब्दुल समद रोहानी, जिन्हें गुरुवार को आतंकवादियों ने बंधक बना लिया था, की हत्या कर दी गई है। रोहानी का शव हेलमंड प्रांत की राजधानी लश्कर गाह के पास से रविवार को बरामद किया गया। रोहानी दक्षिणी हेलमंड प्रांत में स्थानीय भाषा में बीबीसी रेडियो के लिए काम करते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications