मप्र के गृह राज्य मंत्री के बेटे ने मचाया उत्पात
भोपाल, 8 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में हाल ही में गृह राज्य मंत्री बने राम दयाल अहिरवार के बेटे लक्ष्मीचन्द्र अहिरवार ने अपने कुछ साथियों के साथ शनिवार रात छतरपुर के महाराजपुर थाने में न केवल उत्पात मचाया, बल्कि पुलिस वाहनों को भी क्षति पहुंचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात अहिरवार के गांव महाराजपुर में बिजली गुल थी। लक्ष्मीचन्द्र ने रात लगभग 12 बजे थाने फोन कर बिजली दुरूस्त कराने को कहा। थानेदार एच़ आऱ पांडे ने दो जवान भी मंत्री के निवास पर भेजे। पुलिस वाले बिजली सुधार नहीं सकते थे, लिहाजा अंधेरा बरकरार रहा।
कुछ देर बाद लक्ष्मीचन्द्र अपने कुछ साथियों के साथ थाने पहुंचे, जहां उन्होंने हंगामा मचाया और थानेदार के आवास पर तोड़-फोड़ की। उन्होंने पुलिस वाहन पथराव कर उसे क्षति पहुंचाई। छतरपुर के पुलिस अधीक्षक डी़ श्रीनिवास वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए आईएएनएस को बताया कि लक्ष्मीचन्द्र और उनके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications