वित्तमंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार का नोटिस भेजेंगे थामस
तिरुवनंतपुरम, 8 जून (आईएएनएस)। कांग्रेसनीत केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के घटक दल केरल कांग्रेस (केइसी) के सांसद पी. सी. थामस केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस भेजेंगे।
थामस के मुताबिक वित्त मंत्री ने बजट में किसानों की ऋण माफी के संदर्भ में की गई घोषणाओं के प्रावधानों में फेरबदल कर संसदीय विशेषाधिकार का हनन किया है।
तिरुवनंतपुरम में थामस ने पत्रकारों से कहा, "चिदंबरम ने बजट भाषण में कहा था कि उन सभी किसानों की छोटी अवधि की ऋण माफ कर दी जाएगी जिनके पास पांच एकड़ या इससे कम जमीन है। लेकिन भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का दिशानिर्देश है कि जिन किसानों के ऋण एक लाख रुपये से अधिक है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
इसी तरह 31 मार्च 1997 से पहले ऋण लेने वाले किसानों को ऋण माफी का लाभ नहीं मिल पाएगा।"
उन्होंने कहा कि आरबीआई के गवर्नर भी विशेषाधिकार नोटिस के दायरे में आते हैं क्योंकि केंद्रीय बैंक ने सभी बैंकों को निर्देश जारी किया है कि नए दिशानिर्देशों के तहत वे ऋण में छूट पाने के हकदार सभी किसानों की नई सूची तैयार करें।
थामस ने कहा, "विशेषाधिकार नोटिस सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष को भेजा जाएगा।" उन्होंने कहा कि यदि नए दिशानिर्देश लागू किए गए तो केरल के लगभग 60 फीसदी किसान इस योजना से बाहर हो जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications