हबीब तनवीर के थियेटर की जमीन को लगी भू-माफियाओं की नजर
भोपाल, 8 जून (आईएएनएस)। मशहूर रंगकर्मी हबीब तनवीर के नए थिएटर की जमीन को फिर भूमाफियाओं की नजर लग गई है। भू-माफियाओं ने इस जमीन पर एक झोपड़ी बनवा दी है और यूकेलिप्टस सहित अन्य प्रजातियों के कई पेड़ कटवा दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि तनवीर के थिएटर की जमीन पर कब्जे का एक बार पहले भी प्रयास किया जा चुका है। तनवीर ने अपने थिएटर की जमीन पर भूमाफियाओं के कब्जे की लिखित शिकायत शाहपुरा थाने के साथ-साथ भोपाल के जिलाधिकारी को भी की है।
तनवीर ने बताया कि एक बार फिर इस जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। पेड़ काट दिए गए हैं और झोपड़ी बना ली गई है। मैंने इसकी शिकायत शाहपुरा थाने के साथ-साथ भोपाल के जिलाधिकारी और नगर निगम आयुक्त को भी लिखित रूप से की है।
तनवीर ने कार्रवाई न होने की स्थिति में न्यायालय में फौजदारी का मामला दर्ज करने की चेतावनी दी है। थाने के प्रभारी रामजीलाल शर्मा ने बताया कि उन तक शिकायत आई है मगर जमीन से संबंधित कागजात पेश नहीं किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने हबीब तनवीर को नया थियेटर बनाने के लिए दिसम्बर 2000 में बावड़िया कला क्षेत्र में 0़ 60 एकड़ जमीन का पट्टा जारी किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications