एड्स रोगियों के लिए यूपी में तीन नए एंटी रेटरोवायरल केंद्र
लखनऊ, 8 जून (आईएएनएस)। एचआईवी एड्स संक्रमितों को नि:शुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वाराणसी, लखनऊ एवं मेरठ मेडिकल कालेजों में तीन एंटी रेटरोवायरल केंद्र चलाए जा रहे हैं। यह जानकारी उत्तर प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसाइटी के परियोजना निदेशक एस. पी. गोयल ने दी है।
इस वर्ष इलाहाबाद, अलीगढ़ और गोरखपुर मेडिकल कालेजों में तीन नए एंटी रेटरोवायरल केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि एचआईवी एड्स के गंभीर परिणामों को देखते हुए आम जनता को पूरी जानकारी देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
गोयल ने बताया कि प्रदेश की जनता को एचआईवी की नि:शुल्क जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में कुल 182 एकीकृत परामर्श एवं प्रशिक्षण केंद्र चलाए जा रहे हैं। यह सुविधा समस्त जिला महिला एवं पुरुष चिकित्सालयों सहित मेडिकल कॉलेजों में भी उपलब्ध है। इन केंद्रों तक आने वालों का नि:शुल्क परीक्षण किया जाता है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में एचआईवी जांच किट्स की कोई कमी नहीं है। एड्स नियंत्रण कार्यक्रम को सफलता पूर्वक चलाने के लिए सोसाइटी में किट्स की पर्याप्त व्यवस्था भी की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications