शेयर बाजारों को फिलहाल नरमी से निजात की संभावना नहीं
नई दिल्ली , 8 जून (आईएएनएस)। महंगाई दरों में वृद्धि, ब्याज दरों में तेजी की संभावना और वैश्विक पूंजी बाजारों से मिल रहे नकारात्मक संकेतों के मद्देनजर आने वाले सप्ताह के दौरान भी घरेलू शेयर बाजारों में नरमी से निजात मिलने की संभावना नहीं दिख रही है।
नई दिल्ली , 8 जून (आईएएनएस)। महंगाई दरों में वृद्धि, ब्याज दरों में तेजी की संभावना और वैश्विक पूंजी बाजारों से मिल रहे नकारात्मक संकेतों के मद्देनजर आने वाले सप्ताह के दौरान भी घरेलू शेयर बाजारों में नरमी से निजात मिलने की संभावना नहीं दिख रही है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा गत बुधवार को पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतों में क्रमश: 5 रुपये प्रति लीटर, 3 रुपये प्रति लीटर व 50 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि का असर 31 मई को समाप्त हुए सप्ताह के लिए जारी होने वाले थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर देखने को मिलेगा। गत 24 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में वृद्धि का असर महंगाई के आंकड़ों पर नहीं देखने को मिला था।
केंद्रीय सांख्यिकी संगठन (सीएसओ) से जारी आंकड़ों के अनुसार 24 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश में महंगाई दर बढ़कर 8.24 फीसदी तक पहुंच गई। गत 17 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान महंगाई दर 8.1 फीसदी थी। बाजार समीक्षकों के अनुसार 31 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान महंगाई दर में और 60 बेसिस प्वाइंट तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
उधर, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में जारी उछाल से वैश्विक पूंजी बाजारों पर दबाव और बढ़ा है। मध्यपूर्व में तनाव व डालर में कमजोरी को देखते हुए कच्चे तेल की कीमतों में फिलहाल कमी की कोई संभावना नहीं है।
न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज नाइमेक्स में सप्ताहांत कारोबार के दौरान तेल का जुलाई वायदा बढ़कर 138.80 डालर प्रति बैरल के उच्चतम स्तर को छूते हुए अंतत: 10.75 डालर यानी 8.4 फीसदी बढ़कर 138.54 डालर प्रति बैरल बंद हुआ। इलेक्ट्रानिक कारोबार के दौरान समान अवधि का तेल वायदा 139.12 डालर प्रति बैरल के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया है।
महंगाई दरों व कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के मद्देनजर ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना को भी बल मिला है। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर वाई. वी. रेड्डी ने इससे पहले गुरुवार को कहा था कि बैंक मंहगाई पर लगाम लगाने के लिए सभी संभव उपायों पर विचार करेगी।भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा मौद्रिक नीति की समीक्षा आगामी 29 जुलाई को होनी है।
मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सप्ताह के कुल पांच करोबारी दिवस के दौरान 843.39 अंक यानी 5.14 फीसदी गिरकर 15,572.18 के स्तर पर बंद हुआ। राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी में भी समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 242.3 अंक यानी 4.97 फीसदी की कती आई और यह 4,627.80 के स्तर पर बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications