नरगिस से भी ज्यादा बुरे हैं विदेशी प्रसारणकर्ता : म्यांमार
यंगून, 8 जून (आईएएनएस)। म्यांमार में सरकार द्वारा संचालित मीडिया ने रविवार को दावा किया कि यहां पर सरकार द्वारा नरगिस तूफान के पीड़ितों को दी जा रही मदद के बारे में विदेशी प्रसारणकर्ता गलत खबर फैला रहे हैं।
'द न्यू लाइट ऑफ म्यांमार' ने इस बारे में प्रकाशित एक रिपोर्ट का शीर्षक दिया, "वे दुश्मन जो नरगिस से भी ज्यादा खतरनाक हैं।" इसमें कहा गया है कि कुछ विदेशी प्रसारणकर्ता नरगिस के बहाने देश की अखंडता को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि म्यांमार के केंद्रीय तटीय क्षेत्र पर 2-3 मई को नरगिस नामक तूफान आया था। इसमें एक लाख 33 हजार लोगों की या तो मौत हो गई या ये लोग लापता हो गए हैं। अभी यहां पर 24 लाख लोगों को मानवीय सहायता की जरूरत है।
उल्लेखनीय है कि म्यांमार की सैनिक सरकार का मानवाधिकार मामलों में रिकार्ड अच्छा नहीं रहा है और इस मामले में उसको विदेशी मीडिया आड़े हाथों लेता रहा है।
गौरतलब है कि विदेशी मीडिया ने दावा किया था कि म्यांमार में तूफान पीड़ितों के लिए भेजे गए सामानों की बिक्री सार्वजनिक बाजारों में हो रही है। इस पर सरकारी मीडिया का कहना है कि ऐसी शिकायतें न के बराबर हैं और उसे नाहक उछाला जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications