येदियुरप्पा ने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा किया
बंगलौर, 8 जून (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने आज अपने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया। उन्होंने वित्त मंत्रालय और गृह मंत्रालय की खुफिया शाखा समेत 10 महत्वपूर्ण विभाग फिलहाल अपने पास रखे हैं।
येदियुरप्पा ने गृह मंत्रालय (खुफिया शाखा रहित) अपने विश्वस्त वी. एस. आचार्य को दिया जबकि जी. करुणाकर रेड्डी और उनके भाई जी. जनार्दन रेड्डी को क्रमश: राजस्व और पर्यटन एवं आधारभूत संरचना विकास मंत्रालय का कार्यभार सौंपा है।
गौरतलब है कि रेड्डी बंधुओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बहुमत तक पहुंचाने के लिए कम से कम तीन स्वतंत्र विधायकों का समर्थन दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। दोनों भाई गृह, खनन और वन विभागों पर कब्जा जमाना चाहते थे।
येदियुरप्पा ने अपने दूसरे वफादार कट्टा सुब्रमण्या नायडु को सूचना प्रौद्योगिकी और जैव तकनीक समेत उत्पाद और सूचना मंत्रालय का कार्यभार सौंपा है। 31 सदस्यीय मंत्रिपरिषद में अकेली महिला मंत्री शोभा करंडलाजे को ग्रामीण विकास, पंचायती राज और ग्रामीण जल आपूर्ति मंत्री बनाया गया है।
इसके अलावा मंत्रिमंडल में शामिल एकमात्र मुस्लिम मंत्री मुमताज अली खान को वक्फ, हज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बनाया गया है।
मंत्रियों के विभाग बंटवारे को शनिवार देर रात अंतिम रूप दिया गया और आधी रात के बाद राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर ने सभी मंत्रियों के विभागों से संबंधित अधिसूचना जारी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications