यूपी में सरकार ने की ईंधन करों में रियायत की घोषणा (लीड-1)
लखनऊ, 7 जून (आईएएनएस)। कें द्र सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतों में की गई वृद्धि से राज्य की जनता को राहत प्रदान करने के लिए उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने आज विभिन्न करों में रियायत देने की घोषणा की।
डीजल और पेट्रोल पर लगने वाले बिक्री कर में जहां 4.84 और 2.38 फीसदी की कटौती की गई है, वहीं रसोई गैस पर जारी चार फीसदी मूल्य संवर्धित कर (वैट) को पूरी तरह से वापस ले लिया गया है।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा से राज्य में अब जहां डीजल 1.50 रुपये और पेट्रोल एक रुपये प्रति लीटर सस्ता मिलेगा, वहीं रसोई गैस की कीमतों में 11.35 रुपये सिलेंडर की कमी आएगी। मायावती ने कहा कि करों में छूट से राज्य सरकार को ढाई हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ वहन करना होगा।
संवादाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने करों में कटौती की घोषणा इसलिए की है कि आम आदमी पर तेल की कीमतों में की गई वृद्धि का बोझ न पड़े।
मायावती के मुताबिक करों में रियायत से सरकार की आमदनी प्रभावित होगी बावजूद आम आदमी के हितों को ध्यान में रखते हुए करों में कटौती की घोषणा की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications