बिहार में सड़क किनारे मछली पालन
पटना, 7 जून (आईएएनएस)। बिहार सरकार ग्रामीण बेरोजगार युवकों को अगले वर्ष से सड़कों के किनारे बने गड्ढे में मछली पालने की अनुमति देगी। इसके साथ-साथ सड़कों के किनारे हर्बल पेड़ तथा बांस के पौधे भी लगाये जाएंगे। इस काम के लिए ग्रामीण कार्य विभाग देश के नामी संस्थाओं से संपर्क स्थापित कर रही है।
राज्य के ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव हेमचंद्र सिरोही ने शनिवार को बताया कि सरकार ने सड़कों के निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण को स्वच्छ बनाने और सामाजिक भागीदारी को सुनिश्चित करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए योग गुरु बाबा रामदेव की पतंजलि योग पीठ से भी सहयोग लिया जायेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली सड़कों के किनारे जहां जमीन ढलान वाली होगी वहां औषधियों के पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा जहां गड्ढे होंगे उसे तालाब के रूप में विकसित कर मछली पालन को बढ़ावा दिया जाएगा। इन कामों को स्वयं सहायता समूह के तहत गठित सहकारी समितियों द्वारा किया जाएगा।
इस योजना के तहत महादलितों को प्राथमिकता मिलेगी। साथ ही दलित, अति पिछड़ी जातियों, अल्पसंख्यकों और गरीबी रेखा से नीचे के युवकों को प्राथमिकता दी जायेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications